भागलपुर: गंगा के बढ़ते जलस्तर और संभावित कटाव को देखते हुए बिहार सरकार ने बाढ़ सुरक्षा तैयारियों में तेजी ला दी है। इसी क्रम में जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को भागलपुर के गंगा तटीय इलाकों का दौरा कर चल रहे कटाव निरोधक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर सभी सुरक्षा कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव सबसे पहले रंगरा प्रखंड के झल्लूदास–ज्ञानीदास गांव पहुंचे, जहां गंगा के बाएं तट पर कटाव रोकने के लिए कार्य चल रहा है। उन्होंने कार्यस्थल पर पर्याप्त मात्रा में बोल्डर और क्रेट उपलब्ध रखने तथा अभियंताओं को लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। यहां करीब 1394 मीटर लंबाई में बोल्डर एप्रन और स्लोप पिचिंग का निर्माण किया जा रहा है, जिससे गांव को गंगा के कटाव से स्थायी सुरक्षा मिल सके।
इसके बाद डॉ. सिंह गोपालपुर प्रखंड स्थित इस्माईलपुर–बिंदटोली तटबंध पहुंचे। यहां उन्होंने स्पर संख्या-8 और 9 के बीच चल रहे सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बोल्डरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने, मजदूरों और मशीनों की संख्या बढ़ाने तथा दिन-रात कार्य कर निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने का निर्देश दिया।

इस परियोजना के तहत 740 मीटर क्षेत्र में बोल्डर एप्रन, स्लोप पिचिंग और तटबंध के टो (Toe) में शीट पाइल लगाने का कार्य किया जा रहा है। सचिव ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षा कार्यों का समय पर पूरा होना बेहद जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अभियंताओं और अन्य अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया, ताकि गंगा किनारे बसे गांवों को बाढ़ और कटाव के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।

