नवगछिया: विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग से बचाव तथा आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को तेजस्वी पब्लिक स्कूल, नवगछिया में अग्निशमन विभाग की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं अग्नि सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक सह प्रधानाचार्य सी. पी. एन. चौधरी, निदेशिका अधिवक्ता रीता कुमारी, प्रशासक नितिन कुमार, शिक्षिका प्रेरणा सिन्हा, वंदना झा, जुली कुमारी तथा शिक्षक सुकेश चौधरी और राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल का नेतृत्व अग्निशमन पदाधिकारी रूही कुमारी ने किया। उनके साथ प्रधान अग्निक मिथुन पासवान, प्रमोद कुमार सिंह, गोविंद प्रसाद, लालजीत कुमार तथा अग्निक रितिका राज, काजल कुमारी, रवि पासवान, विशाल कुमार, सतेंद्र पाल और चंदन कुमार गुप्ता मौजूद रहे।

अग्निशमन विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को आग लगने के प्रमुख कारणों, उससे बचाव के प्रभावी उपायों तथा अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान फायर एक्सटिंग्विशर के प्रयोग का लाइव प्रदर्शन कर आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित तरीके से आग बुझाने का अभ्यास भी कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर सुरक्षित स्थान पर निकलना चाहिए और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए। साथ ही गैस सिलेंडर, विद्युत उपकरणों एवं अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
विद्यालय के संचालक सह प्रधानाचार्य सी. पी. एन. चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता, आत्मविश्वास और आपदा से निपटने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने अग्निशमन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा दैनिक जीवन में सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

