नवगछिया में शर्मनाक घटना: संपत्ति के लालच में बेटों ने माता-पिता को पीटा, घर से निकाला

नवगछिया: थाना क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पैतृक मकान और जमीन अपने नाम कराने के लिए दो सगे बेटों और उनकी पत्नियों ने मिलकर अपने ही बुजुर्ग माता-पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित दंपती ने नवगछिया थाना में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।

संपत्ति नाम करने का बना रहे थे दबाव

पीड़ित गोपाल साह (55) और उनकी पत्नी किरण देवी (48) ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके दोनों बेटे साथ उनकी पत्नियां, लंबे समय से पैतृक मकान और जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे।

आवेदन के अनुसार, जब उन्होंने संपत्ति हस्तांतरित करने से इनकार कर दिया तो चारों आरोपियों ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

बेटी के घर लेने पड़ी शरण

मारपीट में घायल दंपती ने नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। किरण देवी ने बताया कि उनके साथ लगातार गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जा रही थी। हालात इतने बिगड़ गए कि उन्हें अपना घर छोड़कर अपनी विवाहित बेटी के घर शरण लेनी पड़ी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद पीड़ित दंपती ने नवगछिया थाना पहुंचकर चारों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के लिए पुलिस टीम को घटनास्थल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह मामला पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस में दर्ज कराए गए आवेदन पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....