नवगछिया। अपहरण के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रंजीत यादव को नवगछिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान नारायणपुर क्षेत्र से रंजीत यादव (पिता- ओमप्रकाश यादव उर्फ लूटन यादव), निवासी बलहा, थाना भवानीपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

यह मामला 22 मई 2025 को भवानीपुर थाना में दर्ज कांड संख्या-101/25 से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवती का जबरन अपहरण किया था तथा विरोध करने पर परिजनों को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने जांच के दौरान युवती को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार था।

पुलिस के मुताबिक, रंजीत यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें भवानीपुर थाना के कई गंभीर मामले और खगड़िया जिले के पसराहा थाना में दर्ज लूट का मामला भी शामिल है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके अन्य सहयोगियों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने कहा है कि जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....