भागलपुर: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को भागलपुर जिले के गोराडीह प्रखंड अंतर्गत काशील गांव का दौरा करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। मुख्यमंत्री यहां आम लोगों से संवाद करेंगे और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर काशील गांव और आसपास के इलाकों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम स्थल पर विशाल जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, बिजली और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी तेजी से पूरी की जा रही हैं।
प्रशासनिक अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

विकास को लेकर लोगों में उम्मीद
ग्रामीणों का मानना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। लोगों को उम्मीद है कि उन्हें अपनी समस्याओं और मांगों को सीधे सरकार के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। शिक्षा, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई लंबित मुद्दों के समाधान की भी लोगों को आस है।
रोजगार और उद्योग की उठी मांग
सालपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य राजीव कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सम्राट चौधरी का इस क्षेत्र में आगमन हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में काफी उत्साह है। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें सुनना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और मजदूरों का पलायन है। यदि यहां औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होती है तो स्थानीय युवाओं और मजदूरों को अपने क्षेत्र में ही रोजगार मिल सकेगा। साथ ही शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की भी आवश्यकता है।
राजीव कुमार ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करेंगे और वर्षों से लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। वहीं जिला प्रशासन कार्यक्रम की सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
