भवानीपुर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, घायलों का नारायणपुर सीएचसी में चल रहा इलाज

नवगछिया/नारायणपुर: भागलपुर जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर एक सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार महिला समेत दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब ई-रिक्शा चालक ने सामने से आ रही एक कार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

घायलों की पहचान खगड़िया जिले के भरतखंड निवासी मोहम्मद कयूम के 20 वर्षीय पुत्र अरमान और फरजाना खातून के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया गया।

अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अंकित कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है।

घायल अरमान ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ बिहपुर दवा लेने जा रहे थे। नारायणपुर से बिहपुर की ओर जाते समय जिस ई-रिक्शा में वे सवार थे, उसके चालक ने सामने से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह और फरजाना खातून सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *