नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के चपहरघट निवासी अंकित कुमार से नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लाख 40 हजार रुपये ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी में जहानाबाद जिले के लिखवार थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी प्रमोद कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है। अंकित ने आरोपित पर रुपये लेने के साथ अपने मूल प्रमाण पत्र भी अपने पास रखने का आरोप लगाया है।
Total Downloads: 465
पीड़ित के अनुसार, प्रमोद कुमार ने उसे नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। नौकरी दिलाने के नाम पर उससे अलग-अलग माध्यमों से कुल 4 लाख 40 हजार रुपये लिये गये। इसी दौरान उसके मूल प्रमाण पत्र भी आरोपित ने अपने पास रख लिये।
काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो अंकित ने अपने रुपये और मूल प्रमाण पत्र वापस मांगे। आरोप है कि इसके बाद उसे लगातार टालमटोल किया जाता रहा। प्रमाण पत्र वापस मांगने पर कथित तौर पर उससे एक लाख रुपये और देने की मांग की गयी।

इसके बाद अंकित को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। उसने नवगछिया साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपने रुपये और मूल प्रमाण पत्र वापस दिलाने की मांग की है।
पेटीएम से भुगतान और बातचीत की जांच
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस नौकरी के नाम पर किये गये भुगतान, पेटीएम लेन-देन, संबंधित बैंकिंग जानकारी और पीड़ित की आरोपित के साथ हुई बातचीत की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि रुपये किस माध्यम से और किन परिस्थितियों में लिये गये।
पटना स्टेशन के बाहर नकद लेन-देन की भी पड़ताल
मामले में पटना स्टेशन के बाहर हुई कथित नकद लेन-देन की घटना की भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने, मूल प्रमाण पत्र अपने पास रखने और बाद में अतिरिक्त एक लाख रुपये मांगने के आरोपों की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल भुगतान, बातचीत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
