कदवा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑटो से पकड़ी गई टिकटों की खेप; घर पर छापेमारी में भी मिली भारी बरामदगी

नवगछिया: कदवा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित एवं नकली लॉटरी टिकटों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने करीब 3.36 लाख रुपये मूल्य के 3,43,290 प्रतिबंधित एवं नकली लॉटरी टिकट बरामद किए हैं। मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

ऑटो से भेजी जा रही थी टिकटों की खेप

पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित एवं नकली लॉटरी टिकटों की बड़ी खेप ऑटो से मधेपुरा भेजी जा रही है। इसके बाद एसएच-58 स्थित कदवा थाना चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 2,71,890 प्रतिबंधित एवं नकली लॉटरी टिकट बरामद हुए। मौके से ऑटो चालक मंगल सिंह, निवासी मक्खातकिया (नवगछिया थाना क्षेत्र), को गिरफ्तार कर लिया गया।

निशानदेही पर घर में छापेमारी

पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि बरामद लॉटरी टिकट मक्खातकिया निवासी रतन कुमार उर्फ रतन कुमार स्वर्णकार ने मधेपुरा पहुंचाने के लिए दिए थे। चालक की निशानदेही पर पुलिस ने रतन कुमार के घर पर छापेमारी की, जहां से 71,400 प्रतिबंधित एवं नकली लॉटरी टिकट बरामद किए गए। इस दौरान रतन कुमार उर्फ रतन कुमार स्वर्णकार और मोहित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

3,43,290 टिकट और ऑटो जब्त

दोनों स्थानों से कुल 3,43,290 प्रतिबंधित एवं नकली लॉटरी टिकट जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद टिकटों की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹3.36 लाख है। टिकटों की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

कदवा थाना में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित एवं नकली लॉटरी टिकटों की छपाई कहां हुई और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच लगातार जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *