नवगछिया: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तेतरी जीरोमाइल के समीप छापेमारी कर 581 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 72 लाख रुपये आंकी गई है।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि 26 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि तेतरी जीरोमाइल के पास स्मैक की एक बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने इलाके में निगरानी शुरू कर दी।

दोपहर लगभग 2:40 बजे तेतरी दुर्गा मंदिर जाने वाली मुख्य सड़क पर संदिग्ध अवस्था में खड़े दो व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्रदीप कुमार उर्फ छोटू कुमार के पास से 88 ग्राम तथा रमेश कुमार के पास से 493 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस प्रकार कुल 581 ग्राम स्मैक जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह स्मैक कटिहार से लेकर आए थे। इस मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या-295/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ छोटू कुमार (पिता- विन्देश्वरी मोदी, निवासी- खरीक बाजार, थाना- खरीक) तथा रमेश कुमार (पिता- गोपाल साह, निवासी- खरीक बाजार, थाना- खरीक, जिला- भागलपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 581 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि नवगछिया पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों के विशेष अभियान में अब तक 1368.88 ग्राम स्मैक बरामद की जा चुकी है तथा 14 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) लगातार सूचनाएं जुटाकर तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *