नवगछिया/नारायणपुर: नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही 12424 डाउन राजधानी एक्सप्रेस सोमवार सुबह नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। इंजन में खराबी आने के कारण ट्रेन करीब 1 घंटा 45 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
Total Downloads: 61
रेलवे सूत्रों के अनुसार, सुबह 8:25 बजे नारायणपुर स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी का पता चला। इसकी सूचना तत्काल संबंधित रेल अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पसराहा रेलवे स्टेशन से एक वैकल्पिक इंजन मंगाया गया।
नया इंजन पहुंचने के बाद उसे ट्रेन से जोड़ा गया और आवश्यक तकनीकी व सुरक्षा जांच पूरी की गई। ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस डाउन थ्रो लाइन पर खड़ी थी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ट्रेन को सुबह 10:10 बजे अपने निर्धारित गंतव्य डिब्रूगढ़ के लिए रवाना कर दिया गया।

घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद सैकड़ों यात्रियों में कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि रेलवे कर्मियों ने यात्रियों को लगातार जानकारी उपलब्ध कराई और स्थिति को सामान्य बनाए रखा।
इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण इस रेलखंड पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। हालांकि वैकल्पिक इंजन लगाए जाने के बाद ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो गया।
