बिहपुर। बिहपुर प्रखंड के मड़वा गांव स्थित प्रसिद्ध बाबा ब्रजलेश्वरनाथ धाम में बुधवार से 30 दिवसीय श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। मेले को लेकर प्रशासन और मेला समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षा, यातायात, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
Total Downloads: 66
बिहपुर की अंचलाधिकारी अदिति रंजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव भारती एवं झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। मेले के संवेदनशील और चिन्हित स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल तथा दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक रविवार की देर रात हजारों कांवरिया अगुवानी-अजगैवीनाथ धाम से गंगाजल लेकर लगभग 40 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए सोमवार की सुबह बाबा ब्रजलेश्वरनाथ धाम पहुंचते हैं, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

मेले की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी नवगछिया के एसडीओ रोहित कर्दम, एसपी वैभव शर्मा तथा एसडीपीओ अनिकेत अमर द्वारा की जा रही है। अंचलाधिकारी ने बताया कि कांवरियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की भी तैनाती की गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने, सुरक्षा निर्देशों का अनुपालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।
