श्राद्ध कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी रिश्तेदार, दो की हालत गंभीर होने पर मायागंज अस्पताल रेफर
Total Downloads: 70
नारायणपुर। गोगरी-नारायणपुर मुख्य सड़क पर लोनियाचक गांव के समीप शुक्रवार को एक अनियंत्रित टेंपो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे में एक गर्भवती महिला समेत चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नारायणपुर पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान घोघा निवासी ललिता देवी (गर्भवती), नीलम देवी, इंदु कुमारी और टेंपो चालक शुभम कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी आपस में रिश्तेदार हैं और लोनियाचक गांव में एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परबत्ता के कोलवाड़ा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।

सीएचसी में डॉ. दीपक कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद गर्भवती ललिता देवी और चालक शुभम कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया गया। अन्य दो घायलों का उपचार सीएचसी में किया गया।
