नवगछिया। श्रावणी मेला के दौरान विक्रमशिला सेतु पर लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए नवगछिया यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कांवरियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए जीरोमाइल नवगछिया में सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी जा रही है।
Total Downloads: 72
ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि विक्रमशिला सेतु पर इन दिनों वाहनों का अत्यधिक दबाव रहने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसे देखते हुए भारी वाहनों को खगड़िया होते हुए श्रीकृष्ण सेतु (मुंगेर) के रास्ते अपने गंतव्य तक जाने की सलाह दी गई है। वहीं, आवश्यकतानुसार छोटे वाहन विक्रमशिला सेतु का उपयोग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में कांवरिये सुल्तानगंज की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। इसके साथ ही सामान्य वाहनों की आवाजाही भी जारी रहने से विक्रमशिला सेतु और बेली ब्रिज पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और यात्रियों को अनावश्यक जाम से बचाने के उद्देश्य से जीरोमाइल नवगछिया में सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालक पहले से ही वैकल्पिक मार्ग का चयन कर सकें और यात्रा सुगम बनी रहे।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों एवं श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, यातायात नियमों का अनुपालन करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। इससे श्रावणी मेला के दौरान यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी और कांवरियों की यात्रा सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो सकेगी।
