नवगछिया। नवगछिया में शुक्रवार को परीक्षा देने जा रही चार छात्राएं सड़क हादसे में घायल हो गईं। बड़ी मकंदपुर से टोटो पर सवार होकर मदन अहिल्या महिला कॉलेज जा रही छात्राओं के वाहन की सामने से आ रही एक बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सभी छात्राओं को चोटें आईं, हालांकि चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
Total Downloads: 72
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो में सवार छात्राएं घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निगरानी में रखा।
घायल छात्राओं की पहचान बड़ी मकंदपुर निवासी प्रतिज्ञा कुमारी (पिता– मुकेश भगत), लवली कुमारी (पिता– मनोज शाह), छोटी कुमारी (पिता– जयप्रकाश झा) और नेहा कुमारी (पिता– नंदलाल शाह) के रूप में हुई है। सभी छात्राएं मदन अहिल्या महिला कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थीं।

ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सुजीत वारसी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक और टोटो की पहचान की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है तथा दोनों वाहनों का पता लगाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कॉलेज आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है। उनका कहना है कि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर नियमित निगरानी, ट्रैफिक नियंत्रण और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए।
