खरीक। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को इंटरस्तरीय स्कूल खरीक में निर्वाचन साक्षरता एवं जागरूकता क्लब-2026 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
Total Downloads: 72
कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ मोना कुमारी सोनी, बीईओ नागेश्वर प्रसाद, विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्यजीत कुमार तथा स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य नवीन चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम की शुरुआत “लोकतंत्र का यही मान, हर नागरिक करे मतदान” के स्लोगन के साथ हुई। इस दौरान बीडीओ मोना कुमारी सोनी ने छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन और स्थानांतरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के गठन, उसकी भूमिका और उत्तरदायित्वों पर भी प्रकाश डाला।

बीडीओ ने छात्रों से कहा कि शिक्षित समाज ही सही और योग्य जनप्रतिनिधि का चयन कर सकता है। इसलिए प्रत्येक छात्र-छात्रा स्वयं शिक्षा के प्रति गंभीर रहें और अपने परिवार व समाज को भी शिक्षित एवं जागरूक बनने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम से पहले बीडीओ ने कक्षा नौ की कक्षा भी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को फिजिक्स और कंप्यूटर विषय पढ़ाया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यालय में छात्रों की अच्छी उपस्थिति और बेहतर शैक्षणिक वातावरण देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर शिक्षक अशोक कुमार, फूल कुमार, शारदा कुमारी, कन्हैया कुमार राय सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
