तीसरी मंजिल पर काम के दौरान हुआ हादसा, सुरक्षा उपकरण नहीं देने का आरोप; मुआवजे और कार्रवाई की मांग

नवगछिया | नवगछिया के मदरौनी स्थित अर्जुन कॉलेज में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर इस्माईलपुर निवासी 40 वर्षीय मिथलेश मंडल, पिता हाकिम मंडल, के रूप में हुई है। घटना के बाद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिथलेश मंडल कॉलेज की निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। कुछ देर बाद साथी मजदूरों और कॉलेज के एक कर्मचारी की मदद से उन्हें अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पत्नी किरण देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य बदहवास हो गए। मिथलेश मंडल अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

परिजनों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर मजदूरों से बिना सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण ही यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिजन शव लेकर कॉलेज परिसर पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई तथा उचित मुआवजा देने की मांग की।

रंगरा थाना अध्यक्ष विश्व बंधु ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिली है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *