मोहर्रम चेहल्लुम पर मंजिलगा मैदान में जुटेंगी कई जिलों की टीमें, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा नकद पुरस्कार
Total Downloads: 75
नवगछिया | शोहदाए कर्बला मोहर्रम चेहल्लुम के अवसर पर बिहपुर में 4 अगस्त (मंगलवार) को पारंपरिक फन-ए-शिपह (लाठी कला) का भव्य इनामी मुकाबला आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता शाम 5 बजे बिहपुर के मंजिलगा मैदान में होगी, जिसमें भागलपुर सहित कई जिलों की टीमें अपनी पारंपरिक लाठी कला का प्रदर्शन करेंगी।
यह आयोजन मोहर्रम इंतजामिया अंजुमन कमेटी के तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।

सज्जादानशीन खानकाह मोहब्बतिया अली कौनैन खां फरीदी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। वहीं, कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद अजहरुद्दीन उर्फ अफरोज ने बताया कि यह प्रतियोगिता वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है और हर वर्ष बड़ी संख्या में खिलाड़ी व दर्शक इसमें भाग लेते हैं।
आयोजन में पैक्स अध्यक्ष कुणाल कुमार उर्फ भानु झा, जिला परिषद सदस्य मोईन राईन तथा मोहम्मद रियासत हुसैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। जबकि पारितोषिक वितरण समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल होंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से पारंपरिक लाठी कला को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।
