"सती बिहुला" जोड़ने और स्टेशन

नवगछिया: पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल की डिविजनल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक में नवगछिया अनुमंडल और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। समिति सदस्य कुमार मिलन सागर ने रेलवे विकास कार्यों में तेजी लाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नवगछिया रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित विकास कार्य लंबे समय से रुके हुए हैं। उन्होंने इन कार्यों को शीघ्र शुरू कराने के साथ स्टेशन पर निःशुल्क वाटर एटीएम, एस्केलेटर और लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।

कुमार मिलन सागर ने पश्चिमी रेलवे ढाला पर अंडरपास निर्माण और लंबे समय से बंद पूर्वी रेलवे ढाला को पुनः चालू कराने की भी मांग की। उनका कहना था कि इससे स्थानीय लोगों और यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।

बैठक में कटारिया, खरीक और नारायणपुर रेलवे स्टेशनों के उच्चीकरण का मुद्दा भी उठाया गया। विशेष रूप से नारायणपुर स्टेशन पर यात्री शेड, सुरक्षित पेयजल, शौचालय और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर उन्होंने जमालपुर–महेशकुंट मेमू ट्रेन का विस्तार नवगछिया तक करने तथा भागलपुर–कटिहार एक्सप्रेस के नियमित संचालन और यात्रियों की सुविधा के अनुरूप उसके समय में बदलाव की मांग भी रखी।

बैठक में नवगछिया रेलवे स्टेशन के नाम के साथ “सती बिहुला” जोड़ने और स्टेशन परिसर को मंजूषा पेंटिंग से सजाने का सुझाव भी दिया गया। साथ ही नवगछिया रेलवे स्टेशन पर सात महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव तथा कटारिया, बिहपुर और नारायणपुर रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई।

बैठक के बाद कुमार मिलन सागर ने अपनी सभी मांगों की प्रतिलिपि भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि इन मांगों पर अमल होने से नवगछिया सहित पूरे क्षेत्र के रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रेलवे विकास को नई गति मिलेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *