वैशाली होटल के पीछे रेलवे जमीन पर कचरा डंप करने का आरोप

पुरानी मछली पट्टी और वैशाली होटल के पीछे रेलवे जमीन पर कचरा डंप करने का आरोप, नगर परिषद पर लापरवाही के गंभीर आरोप

नवगछिया:
नवगछिया नगर परिषद की कथित लापरवाही से शहर के पुरानी मछली पट्टी और वैशाली होटल के पीछे रहने वाले सैकड़ों लोगों का जीवन दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद रेलवे की जमीन पर लगातार कचरा डंप कर रही है, जिससे वहां कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है। इसके कारण पूरे इलाके में असहनीय दुर्गंध फैल रही है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार सुबह से लेकर देर रात तक बदबू के कारण घरों में रहना और दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। कचरे के ढेर से मच्छरों और अन्य कीटों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय निवासी मिक्कू गुप्ता, पंकज कुमार लहरी, मोहन गुप्ता, सुमित कुमार भगत और मोहन कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कचरे का उठाव नहीं कराया गया और इस स्थान पर डंपिंग बंद नहीं हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि स्वच्छता अभियान के दावे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं।

इस संबंध में नगर परिषद का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका जवाब नहीं मिल सका। क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर कचरा हटाने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और रेलवे की जमीन पर कचरा डंपिंग पूरी तरह बंद कराने की मांग की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *