नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव में मंगलवार को पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। रंगदारी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी शौरभ सनगही को पुलिस वाहन से जबरन उतारकर भीड़ हिरासत से छुड़ा ले गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
Total Downloads: 115
जानकारी के अनुसार, बिहपुर थाना पुलिस रंगदारी मामले में आरोपी शौरभ सनगही को गिरफ्तार कर थाने ले जा रही थी। पुलिस वाहन जैसे ही अमरपुर गांव के पास पहुंचा, आरोपी के परिजनों और अन्य लोगों ने वाहन को घेर लिया।
आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इसके बाद लोगों ने जबरन पुलिस वाहन से आरोपी को उतार लिया और उसे लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के पहुंचते ही जुट गई भीड़
पुलिस टीम रंगदारी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने अमरपुर गांव पहुंची थी। आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और पुलिसकर्मियों से उलझ गई।
बताया जा रहा है कि भीड़ आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर मौके से फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरकारी काम में बाधा डालने वालों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अब हिरासत से आरोपी को छुड़ाने और पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने वाले लोगों की पहचान में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे। हिरासत से छुड़ाए गए आरोपी शौरभ सनगही की दोबारा गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम प्रयास कर रही है।
इस संबंध में बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा से फोन पर संपर्क कर घटना की जानकारी लेने का प्रयास किया गया। उन्होंने फोन रिसीव किया, लेकिन घटना से जुड़े सवाल पूछे जाने पर कॉल काट दिया। इसके बाद दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
घटना के बाद पुलिस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस हिरासत से आरोपी को छुड़ाने समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
