नवगछिया। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के नवगछिया-तिनटंगा जहाज घाट को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण 14 नंबर रोड की जर्जर स्थिति को लेकर राजनीति गरमा गई है। पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल यादव ने सड़क की बदहाली की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।

तिनटंगा करारी निवासी अनिल यादव ने सड़क की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “सड़क में गड्ढे नहीं, बल्कि गड्ढों में सड़क ढूंढ रही जनता है।” उन्होंने कहा कि बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह पानी जमा हो गया है और कई हिस्से जलमग्न हो चुके हैं। इससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व सांसद ने कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को समझ नहीं आ रहा कि इस रास्ते से वाहन लेकर जाएं या नाव का सहारा लें। जर्जर सड़क और जलजमाव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

बारिश में सड़क बनी तालाब

अनिल यादव ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बारिश के मौसम में यह प्रमुख सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। सड़क के गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों को यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की नजर में यह भी ‘स्मार्ट विकास’ का हिस्सा है।

सड़क निर्माण की मांग

पूर्व सांसद ने कहा कि गोपालपुर क्षेत्र की जनता लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान है। लोगों को रोजाना कीचड़, जलजमाव और गड्ढों के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से 14 नंबर रोड का अविलंब पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

अनिल यादव ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके खराब रहने से आम लोगों के साथ-साथ वाहनों के आवागमन और स्थानीय व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।

उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की स्थिति का तत्काल संज्ञान लेकर स्थायी समाधान कराने की मांग की, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *