भागलपुर। क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम 28 अगस्त की रात से सेतु पर बैरिकेडिंग शुरू करेगा, जबकि 29 अगस्त से पुल पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। पहले एक सितंबर से ट्रैफिक ब्लॉक करने की योजना थी, लेकिन काम समय पर शुरू कराने के लिए तीन दिन पहले ही पुल बंद करने का निर्णय लिया गया है।

पुल निर्माण निगम, खगड़िया के वरीय परियोजना अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि सरकार के निर्णय के अनुसार 29 अगस्त से विक्रमशिला सेतु को बंद कर दिया जाएगा। पुनर्निर्माण कार्य को 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अगले सप्ताह पहुंचेंगे नए सुपर स्ट्रक्चर

क्षतिग्रस्त हिस्से के स्थान पर लगाए जाने वाले सुपर स्ट्रक्चर को हरियाणा के पंचकूला में तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार अगले एक सप्ताह के भीतर इसके भागलपुर और नवगछिया साइड पहुंचने की उम्मीद है।

सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण एसपी सिंगला कंपनी करेगी, जो विक्रमशिला फोरलेन सेतु का निर्माण भी कर रही है। चार हिस्सों वाले स्ट्रक्चर को मौके पर लाकर लांच कर स्थापित किया जाएगा।

99 करोड़ रुपये की लागत से होगा पुनर्निर्माण

विक्रमशिला सेतु के पुनर्निर्माण पर करीब 99 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत क्षतिग्रस्त सुपर स्ट्रक्चर को बदलने के साथ पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट और बेयरिंग भी बदले जाएंगे।

अधिकारियों के अनुसार अलग-अलग लंबाई वाले सुपर स्ट्रक्चर लगाए जाएंगे। बेली ब्रिज को हटाने के बाद सेतु के स्थायी पुनर्निर्माण का काम किया जाएगा।

गंगा का जलस्तर बढ़ने से नाव और मोटरबोट पर भी रोक

गंगा में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए सेतु के पुनर्निर्माण कार्य से जुड़े क्षेत्र में नाव और मोटरबोट के परिचालन पर भी रोक लगा दी गई है। ऐसे में निर्माण एजेंसी को नदी में काम करने के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।

तीन मई को नदी में समा गया था सेतु का हिस्सा

गौरतलब है कि तीन मई की देर रात विक्रमशिला सेतु का करीब 34 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गंगा नदी में गिर गया था। इसके बाद से पुल पर यातायात प्रभावित है और क्षतिग्रस्त हिस्से के स्थायी समाधान के लिए पुनर्निर्माण की तैयारी चल रही है।

पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने भी दो दिन पहले भागलपुर में एक विभागीय कार्यक्रम के दौरान कहा था कि सेतु के रिस्टोरेशन का काम निर्धारित समय के अनुसार शुरू किया जाएगा।

पांटून ब्रिज की भी उठी मांग

विक्रमशिला सेतु के बंद होने के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर वैकल्पिक रास्ते की जरूरत को देखते हुए मंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से पांटून ब्रिज की मांग की है। केंद्रीय मंत्री की ओर से इसकी जल्द फिजिबिलिटी जांच कराने की बात कही गई है।

अब 29 अगस्त से विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद भागलपुर-नवगछिया के बीच यातायात व्यवस्था पर इसका व्यापक असर पड़ने की संभावना है। प्रशासन और संबंधित विभागों के सामने वैकल्पिक यातायात व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *