नवगछिया। समस्तीपुर से असम जा रहे दो युवक नवगछिया में ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नवगछिया स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद मालगोदाम के पास की बताई जा रही है। घायलों की पहचान समस्तीपुर जिले के महेशी निवासी अमरजीत कुमार, पिता शंभू ठाकुर और अविनाश कुमार, पिता स्व. दिनेश ठाकुर के रूप में हुई है।
Total Downloads: 119
घायल अमरजीत कुमार ने नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में बताया कि दोनों दोस्त असम में बढ़ई का काम करने जा रहे थे। देर शाम करीब 7:30 बजे दोनों कटरा-कामाख्या ट्रेन के गेट के पास बैठे थे। नवगछिया स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद मालगोदाम के पास कथित तौर पर कुछ अज्ञात लोगों ने अमरजीत के हाथ पर लाठी से वार किया। इससे उसका मोबाइल नीचे गिर गया और वह भी असंतुलित होकर ट्रेन से नीचे गिर गया।
अमरजीत के अनुसार, ट्रेन से गिरते समय उसने अपने दोस्त अविनाश को पकड़ लिया, जिससे अविनाश भी ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में अमरजीत के बाएं पैर की तीन उंगलियां कट गईं, जबकि अविनाश के सिर में गंभीर चोट लगी है।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है।
इधर, जीआरपी थाना प्रभारी अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि आरपीएफ की ओर से दो लोगों के ट्रेन से गिरकर घायल होने की सूचना मिली थी। उन्होंने ट्रेन में लाठी मारकर मोबाइल छीनने के आरोप को गलत बताया है। जीआरपी मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
