नवगछिया के मिल टोला में टेंट हाउस में भीषण आग, 50 लाख से अधिक का सामान जलकर राख
देर रात लगी आग से मची अफरा-तफरी, दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की मदद से पाया गया काबू
नवगछिया। नवगछिया के मिल टोला में देर रात सुनील कुमार के टेंट हाउस में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते टेंट हाउस में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। घटना में 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान संचालक सुनील कुमार ने लगाया है। आग लगने की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटें देखकर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान लोगों ने नवगछिया एसडीओ और दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि, आग बुझने तक टेंट हाउस में रखा ज्यादातर सामान जल चुका था। टेंट हाउस संचालक सुनील कुमार ने बताया कि आग में टेंट का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है। उन्होंने 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
