नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया में 80वां स्वतंत्रता दिवस रविवार को हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह नवगछिया पुलिस लाइन में आयोजित हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। पुलिस जवानों ने शानदार परेड प्रस्तुत करते हुए तिरंगे को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
Total Downloads: 122
अपराध नियंत्रण और सुरक्षित माहौल बनाना पुलिस की प्राथमिकता
पुलिस लाइन में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए एसपी वैभव शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के अमर वीरों के लंबे संघर्ष और शहादत की याद दिलाता है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
एसपी ने अपराध नियंत्रण को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि समाज में भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण कायम करना पुलिस का मूल दायित्व है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा बरामद किया गया एक अवैध हथियार भी भविष्य में होने वाली कई आपराधिक घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
अनुमंडल कार्यालय से अस्पताल तक फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में भी धूमधाम से ध्वजारोहण किया गया। नवगछिया अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी रोहित कर्दम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में उपाधीक्षक पिकेंश कुमार ने तिरंगा फहराया। वहीं नवगछिया नगर परिषद कार्यालय परिसर में सभापति प्रीति कुमारी ने ध्वजारोहण कर नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
थाना और स्कूलों में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह
नवगछिया थाना परिसर में थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बाल भारती स्कूल में अजय रुंगटा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नवगछिया क्षेत्र के सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में दिनभर राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। जगह-जगह तिरंगा फहराया गया और देश की एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प लिया गया।
