नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किराना व्यवसायी की हत्या की कथित साजिश को नाकाम कर दिया। नया टोला में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी कट्टा, 10 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
Total Downloads: 149
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के चपरघट निवासी लवण यादव और जयचंद्र कुमार के रूप में हुई है। एसपी मनोज कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 18 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नया टोला में एक किराना व्यवसायी की हत्या की योजना बनाई जा रही है।
सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर इलाके में सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान दोनों संदिग्धों को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, लवण यादव के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हत्या के एक मामले में भी वांछित था। वहीं, जयचंद्र कुमार के खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत चार मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों और बरामद हथियार के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह और परबत्ता थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार भी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 343/26 के तहत आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।
