नवगछिया। सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने बुधवार, 19 अगस्त 2026 को सोनपुर-बरौनी और बरौनी-कटिहार रेलखंड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं, स्टेशन की स्वच्छता और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
Total Downloads: 144
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने आईपीएस रूम, रिले रूम, पैनल रूम और बैटरी रूम समेत स्टेशन परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद डीआरएम ने बिहपुर, खरीक, नवगछिया और कटरिया स्टेशनों का विंडो निरीक्षण किया। इन स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों को जल्द पूरा करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

वहीं, कुर्सेला जंक्शन पहुंचकर डीआरएम ने पैनल रूम और स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से ली।
डीआरएम अमित सरन ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि रेल संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार और सभी विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
डीआरएम के निरीक्षण से बिहपुर, खरीक, नवगछिया और कटरिया स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
