नवगछिया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गुरुवार को नवगछिया प्रखंड कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 10 जरूरतमंद परिवारों को उनके नवनिर्मित पक्के आवास की चाबी सौंपी गई, जबकि 20 नए लाभुकों को योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
Total Downloads: 153
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके 10 आवासों के लाभुकों को चाबी सौंपी गई। वहीं, आवास योजना के लिए चयनित 20 नए लाभुकों को स्वीकृति एवं बधाई पत्र दिया गया। अधिकारियों ने लाभुकों को योजना के तहत मिलने वाली सहायता, निर्माण प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
यह कार्यक्रम पटना से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ऑनलाइन अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, ग्रामीण आवास विभाग के मंत्री समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

नवगछिया के बीडीओ पंकज कुमार दास ने लाभुकों को आवास निर्माण से जुड़ी तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि आवास का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए। साथ ही लाभुकों से समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने की अपील की।
बीडीओ ने कहा कि आवास निर्माण के दौरान किसी भी तरह की समस्या आने पर लाभुक संबंधित कर्मियों और अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अलावा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी, ताकि पात्र परिवार सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक पक्का आवास उपलब्ध कराना है।
