नवगछिया। तेतरी गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर बेरहमी से मारपीट करने और गला दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़िता वंदना कुमारी के अनुसार, गुरुवार सुबह वह बच्चों को स्कूल भेजने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान पति रजनीश कुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद पति ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि मारपीट में उसके हाथ, कमर और गर्दन में चोटें आईं। उसने गला दबाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया है।

वंदना ने बताया कि किसी तरह उसने व्हाट्सऐप कॉल के जरिए मायके वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम में पुलिस पदाधिकारी पप्पू कुमार, सिपाही खुशबू कुमारी और चालक अरुण कुमार शामिल थे। पुलिस पदाधिकारी पप्पू कुमार ने बताया कि घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

चिकित्सकों के अनुसार, महिला के शरीर में अंदरूनी सूजन है और उसका उपचार जारी है।

वंदना के मुताबिक, उसकी शादी वर्ष 2016 में रजनीश कुमार से हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति छोटी-छोटी बातों को लेकर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति घर और बच्चों के खर्च के लिए नियमित रूप से पैसे नहीं देते हैं।

पीड़िता की बहन स्मिता कुमारी ने भी लंबे समय से बहन को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, चाचा अजय कुमार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिजनों ने पुलिस से महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *