नवगछिया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जन्मोत्सव के अवसर पर भाजपा नवगछिया जिला इकाई की ओर से गोपाल गौशाला स्थित शिव मंदिर परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा और सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए काशी (वाराणसी) से लाए गए पवित्र कलश का भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों के बीच वितरण किया गया।
Total Downloads: 161
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने की। कलश वितरण की जिम्मेदारी कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष शंभू पासवान और जिला महामंत्री नीतेश कुमार दास ने संयुक्त रूप से निभाई। मंच संचालन राजकुमार रजक ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने संत रविदास को महान संत, समाज सुधारक और सामाजिक समरसता के प्रबल पक्षधर के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज में समानता, भाईचारे, प्रेम और भक्ति का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव मिटाने की दिशा में प्रेरणा देती हैं।

वक्ताओं ने संत रविदास की प्रसिद्ध वाणी “प्रभु जी तुम चंदन हम पानी” का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी वाणी भक्ति, समर्पण और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का संदेश देती है। संत रविदास के विचारों की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है और सामाजिक एकता एवं समरसता के लिए उनके आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम कुमार, जिला मंत्री बासुकी मंडल एवं ममता रजक उपस्थित रहीं। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुणाल गुप्ता, जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रवीण भगत और नगर अध्यक्ष दीपक भगत भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसके अलावा भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में आपसी भाईचारा एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
