नवगछिया। नवगछिया के भवनपुरा निवासी 30 वर्षीय मिथुन कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए। बैंक अधिकारी बनकर साइबर ठग ने उनके खाते से कुल 1,21,688 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत की है।

मिथुन कुमार के अनुसार, घटना 22 अगस्त की शाम करीब चार बजे की है। उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को यूको बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि उनके खाते से दो लाख रुपये का लेनदेन पूरा नहीं हो पा रहा है। इसके लिए खाते को अपडेट करना जरूरी है।

मिथुन ने जब बैंक जाकर खाता अपडेट कराने की बात कही, तो ठग ने खुद ही खाता अपडेट करने का भरोसा दिया। इसके बाद आरोपी ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर ‘अकाउंट अपडेट एपीके’ (Account Update APK) लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने को कहा।

लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से पहले 95,000 रुपये, फिर 500 रुपये और 4,000 रुपये कट गए। जब मिथुन ने ठग को फोन कर खाते से रुपये कटने की जानकारी दी, तो आरोपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि खाता पूरी तरह खाली होने के बाद ही अपडेट होगा और कटे हुए रुपये वापस खाते में आ जाएंगे।

इसके बाद आरोपी ने मिथुन को एक दूसरे मोबाइल नंबर पर रुपये भेजने के लिए कहा। ठग के झांसे में आकर पीड़ित ने क्रमशः 19,988 रुपये और 2,200 रुपये भी ट्रांसफर कर दिए। इस तरह अलग-अलग लेनदेन के जरिए उनके खाते से कुल 1,21,688 रुपये की साइबर ठगी हो गई।

ठगी का एहसास होने के बाद मिथुन कुमार ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत संख्या 20508260058974 है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर ठगी की राशि वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

साइबर थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खाते और लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *