नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में मंगलवार को प्रेम प्रसंग के शक में युवक समेत तीन लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में सूदन कुमार, बुधन दास और वृद्ध रोशन दास घायल हो गए। परिजनों ने तीनों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
Total Downloads: 174
घायल सूदन कुमार ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने उनके बारे में प्रेम प्रसंग को लेकर गलत अफवाह फैला दी। अफवाह फैलने के बाद कुछ युवक उनके पास पहुंचे और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बुधन दास और वृद्ध रोशन दास के साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया गया। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

