नवगछिया। भागलपुर जिला योगा खेल संघ के तत्वावधान में नवगछिया अनुमंडल के बभनगामा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर के सामुदायिक भवन में एक दिवसीय योगा खेल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों को योगा खेल की बारीकियों, इसके महत्व और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला के दौरान जिला संयोजक घनश्याम प्रसाद ने बच्चों को योगा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योगा खेल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चे छात्रवृत्ति प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत सरकारी नौकरी का अवसर भी मिल सकता है।

घनश्याम प्रसाद ने बच्चों को योग को केवल खेल के रूप में नहीं, बल्कि नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहने के साथ एकाग्रता और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

बच्चों को प्रतिदिन कराया जाता है निःशुल्क योगाभ्यास

संघ के मीडिया प्रभारी विकास चौरसिया ने बताया कि योग प्रशिक्षक मुकेश कुमार उर्फ संजीव द्वारा बच्चों को प्रतिदिन निःशुल्क योगासन का अभ्यास कराया जाता है। उन्होंने कहा कि योग बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित अभ्यास से बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित होती है।

इस अवसर पर समाजसेवी सह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व खंड कार्यवाह निरंजन साह ने भी बच्चों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और सक्रिय जीवन जिया जा सकता है।

बड़ी संख्या में बच्चे और बुजुर्ग हुए शामिल

कार्यशाला में बभनगामा के नियमित योगाभ्यास करने वाले शंभु शरण, पवन व्यास, गया जी, रुक्मणी देवी, सुनैना रानी, रूपाणी देवी, मोहित, क्रिस राज, आमप्रियांशी, आदित्य और आर्मी जवान मुकेश कुमार सुमन सहित बड़ी संख्या में बच्चे-बच्चियां, बुजुर्ग और मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

कार्यशाला के दौरान बच्चों में योगा खेल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को योग खेल से जोड़कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध कराना उद्देश्य है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *