बिहपुर । बिहपुर प्रखंड की मड़वा पूरब पंचायत अंतर्गत पछियारी टोला औलियाबाद वार्ड नंबर नौ निवासी 21 वर्षीय सन्नी कुमार की सोमवार को केरल के कोच्चि में दर्दनाक हादसे में मौत हो गयी। सन्नी की मौत निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत से गिरने के कारण हुई। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Total Downloads: 227
बताया गया कि सन्नी कुमार अपने पिता गिरीश उर्फ गिरो सिंह के साथ केरल के कोच्चि शहर के अलुवा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। उसके पिता भी उसी निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में काम कर रहे थे। सोमवार को दोनों रोज की तरह काम पर गये थे। इसी दौरान काम करते समय अचानक सन्नी इमारत से नीचे गिर गया।
हादसा इतना गंभीर था कि सन्नी की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही वहां मौजूद लोगों और मजदूरों में अफरातफरी मच गयी। बाद में घटना की जानकारी परिजनों और गांव के लोगों को दी गयी।

तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था सन्नी
परिजनों के अनुसार, सन्नी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए वह अपने पिता के साथ केरल जाकर मजदूरी कर रहा था। हादसे में परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजन सदमे में हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सन्नी मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक था। गांव में सभी से उसका अच्छा व्यवहार था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचने लगे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
इधर, घटना के बाद सन्नी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीण युवक की मौत को लेकर बेहद दुखी हैं। परिजन शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
