नारायणपुर। प्रखंड के भवानीपुर गांव में बुधवार देर रात एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। वार्ड संख्या-5 में अपने कमरे में सो रहे 20 वर्षीय अमन कुमार के सिर पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Total Downloads: 240
मृतक के पिता सुधीर मंडल ने बताया कि बुधवार देर रात उन्हें घर में बेटे के कराहने की आवाज सुनाई दी। उस समय अमन अपने कमरे में सो रहा था और कमरा अंदर से बंद था। आवाज सुनकर सुधीर मंडल छत से नीचे आए और कमरे के पास पहुंचकर बेटे को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
आवाज लगातार आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने कमरे में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा बंद था। आखिरकार सुधीर मंडल वेंटिलेटर के रास्ते कमरे के अंदर दाखिल हुए। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। अमन खून से लथपथ हालत में पड़ा था और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।

परिजन आनन-फानन में अमन को इलाज के लिए अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों और हमले में शामिल व्यक्ति की पहचान के लिए जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक पर हमला किसने और किस वजह से किया। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद भवानीपुर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
