नवगछिया। अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रंगरा पुलिस ने झल्लू दास टोला में छापेमारी कर एक देशी रायफल, तीन देशी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। अब पुलिस हथियारों की सप्लाई और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

बुधवार को नवगछिया एसडीपीओ सायम रजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध हथियारों की बरामदगी, खरीद-बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 8 सितंबर को रंगरा पुलिस को सूचना मिली थी कि झल्लू दास टोला स्थित उदय दास के घर में उसके दामाद ने बिक्री के लिए अवैध हथियार छिपाकर रखे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान उदय दास के दामाद मनीकांत कुमार, निवासी भीमदास टोला, को एक देशी रायफल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके ससुर उदय दास के घर से तीन देशी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए।

मामले में रंगरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को पूछताछ के दौरान हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

तीन महीने में 27 अवैध हथियार और 89 कारतूस बरामद

एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि नवगछिया पुलिस पिछले तीन महीने से अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इस दौरान पुलिस ने दो मिनीगन फैक्ट्रियों का भी खुलासा किया है। अभियान में अब तक कुल 27 अवैध हथियार और 89 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *