नवगछिया। भवानीपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में बुधवार देर रात करीब दो बजे रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई। आरोप है कि सूखे नशे का आदी 18 वर्षीय छोटे भाई सुमन कुमार ने गहरी नींद में सो रहे अपने 20 वर्षीय बड़े भाई अमन कुमार के सिर पर भारी मूसल से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गयी और परिवार में मातम छा गया।
Total Downloads: 240
मृतक की पहचान भवानीपुर निवासी सुधीर मंडल के 20 वर्षीय पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हत्या का आरोप उसके सगे छोटे भाई सुमन कुमार (18) पर लगा है।
एक ही चौकी पर सो रहे थे दोनों भाई
परिजनों के अनुसार, दोनों भाई रोजाना की तरह बुधवार रात घर के कमरे में एक ही चौकी पर सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे सुमन अचानक चौकी से उठकर कमरे से बाहर चला गया। आहट होने पर अमन की नींद खुली और वह छोटे भाई को देखने के लिए बाहर निकला।

करीब आधे घंटे तक तलाश करने के बाद भी जब सुमन नहीं मिला तो अमन वापस कमरे में आया और उसी चौकी पर सो गया। आरोप है कि इसी दौरान सुमन कमरे में चौकी के नीचे छिपकर बैठा था।
नींद में सिर पर किया मूसल से हमला
बताया जा रहा है कि अमन के सोते ही सुमन चौकी के नीचे से निकला और घर में रखे भारी मूसल से उसके सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से अमन की मौके पर ही मौत हो गयी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। हत्या के पीछे तत्काल कारण क्या था, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
नशे की लत से परेशान था परिवार
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुमन लंबे समय से गांजा, स्मैक सहित अन्य नशे का सेवन करता था। उसकी नशे की आदत और कथित हिंसक व्यवहार से परिवार के साथ आसपास के लोग भी परेशान रहते थे। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटना से पहले दोनों भाइयों के बीच किसी विवाद की स्थिति थी या नहीं, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार सुबह भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी सुमन कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
