नवगछिया। नवगछिया टाउन थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-12 में वार्ड पार्षद नगमा खातून और फौजी फैयाज खान के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पार्षद नगमा खातून और उनके पति मो. निहाल खान ने फैयाज खान पर फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पार्षद ने नवगछिया एसपी वैभव शर्मा और साइबर थाना में लिखित शिकायत देकर जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे पार्षद के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। आरोप है कि फोन करने वाले ने उनके साथ गाली-गलौज की और कोर्ट में फंसाने की धमकी दी। पार्षद का आरोप है कि उनके बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी गई।

पार्षद ने शिकायत में यह भी दावा किया है कि इससे पहले उनके पति को व्हाट्सऐप के माध्यम से धमकी दी गई थी। उन्होंने धमकी से संबंधित रिकॉर्डिंग अपने पास होने की बात कही है। पार्षद ने पुलिस से मामले की जांच करने के साथ अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

फौजी ने आरोपों को बताया गलत

वहीं, फौजी फैयाज खान ने पार्षद और उनके पति द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। फैयाज खान का कहना है कि उन्होंने गांव में कथित तौर पर गाय काटने और बिना लाइसेंस मांस बेचने का विरोध किया था। उनका आरोप है कि विरोध करने के बाद उन्हें ही फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी।

दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। नवगछिया थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *