मनियामोड़ में गाय काटने और गोमांस बेचने की खबर झूठी, पुलिस जांच में नहीं मिला कोई सबूत

नवगछिया। नवगछिया के मनियामोड़ इलाके में गाय काटने और गोमांस बेचने की सोशल मीडिया पर प्रसारित खबर की पुलिस जांच में पुष्टि नहीं हुई है। नवगछिया पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल दावे को तथ्यहीन और बिना सबूत का बताया है।

सोशल मीडिया पर खबर फैलने के बाद नवगछिया के सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में नवगछिया थाना पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने संबंधित इलाके में पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों की वास्तविकता की जानकारी जुटाई।

पुलिस जांच के दौरान गाय काटने, गोमांस बेचने अथवा गाय की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई सबूत नहीं मिला। पुलिस ने ऐसी किसी घटना की पुष्टि से इनकार किया है।

नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी पर विश्वास करने या उसे आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूरी है। बिना जांच-पड़ताल के ऐसी खबरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचना चाहिए।

एसपी ने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को ऐसी किसी घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो वह सीधे पुलिस को सूचना दें। इसके लिए नवगछिया थाना पुलिस अथवा डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस ने लोगों से इलाके में शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध या विवादित जानकारी को सोशल मीडिया पर फैलाने के बजाय सीधे पुलिस के संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय रहते उसकी जांच की जा सके।

पुलिस से संपर्क: नवगछिया थाना — 9031828037 | आपात स्थिति में डायल-112

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *