गोपालपुर में FLN कार्यशाला, बच्चों की पढ़ने-लिखने और गणित की दक्षता बढ़ाने पर जोर
गोपालपुर। प्रखंड संसाधन केंद्र गोपालपुर में गुरुवार को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता (FLN) को मजबूत करने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सैदपुर, धरहरा, पचगछिया, तिरासी और तिनटंगा करारी सीआरसी के विभिन्न प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों ने भाग लिया।
Total Downloads: 378
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कक्षा 4 से 8 तक के बच्चों की पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणित से जुड़ी क्षमताओं को बेहतर बनाना था। इस दौरान शिक्षकों को बच्चों की सीखने की कठिनाइयों को पहचानने और उन्हें दूर करने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान जोड़-घटाव सहित रोजमर्रा की जिंदगी में गणित के व्यावहारिक उपयोग पर जोर दिया गया। इसके साथ ही अक्षरों और शब्दों की पहचान, पाठ को समझकर पढ़ने तथा अपने विचारों को स्पष्ट रूप से लिखने की क्षमता विकसित करने के तरीकों पर चर्चा की गई।

प्रशिक्षक प्रशांत कुमार, राकेश रोशन, किरण कुमारी और ज्योति कुमारी ने FLN से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और आकलन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप शिक्षण गतिविधियां संचालित करने के तरीके समझाए।
बेसलाइन आकलन के आधार पर बनेगी शिक्षण रणनीति
कार्यशाला में बच्चों का बेसलाइन आकलन करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके माध्यम से बच्चों की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति और सीखने के स्तर को समझकर उनके अनुरूप शिक्षण रणनीति तैयार करने की बात कही गई। इससे बच्चों की कमजोरियों की पहचान कर उन्हें बेहतर तरीके से सीखने में मदद मिल सकेगी।
कार्यशाला में संबंधित सीआरसी के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और शिक्षक उपस्थित रहे।
