नवगछिया-कटिहार रूट की कई ट्रेनें डायवर्ट, आम्रपाली और अवध असम समेत 5 ट्रेनों का बदला मार्ग
नवगछिया (भागलपुर)। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर तकनीकी उन्नयन और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) का कार्य किया जा रहा है। स्वामीनारायण छपिया, मसकनवा, लखपतनगर और मनकापुर स्टेशनों के बीच ऑटोमैटिक सिग्नलिंग शुरू करने के लिए 10 और 11 अक्टूबर को ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है।
Total Downloads: 378
इसका असर कटिहार-बरौनी रेलखंड से गुजरने वाली और नवगछिया स्टेशन पर रुकने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा है। रेलवे ने पांच ट्रेनों के परिचालन मार्ग में बदलाव किया है। इसके कारण कई स्टेशनों पर इन ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से नहीं होगा।
पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का परिवर्तित मार्ग और ठहराव जरूर जांच लेना चाहिए।

छपरा-वाराणसी-अयोध्या होकर चलेंगी तीन ट्रेनें
1. गाड़ी संख्या 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस: कटिहार से 9 अक्टूबर को अमृतसर जाने वाली यह ट्रेन अपने नियमित मार्ग के बजाय छपरा, वाराणसी, अयोध्या कैंट और बाराबंकी होकर चलेगी। इस दौरान सीवान, मैरवा, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, गोंडा और करनाल जंक्शन पर ठहराव नहीं होगा।
2. गाड़ी संख्या 15909 अवध असम एक्सप्रेस: डिब्रूगढ़ से 9 अक्टूबर को लालगढ़ जाने वाली यह ट्रेन भी छपरा, वाराणसी, अयोध्या कैंट और बाराबंकी होकर संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग के कारण एकमा, सीवान, मैरवा, भटनी, भाटपार रानी, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर और गोंडा स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
3. गाड़ी संख्या 15949 डिब्रूगढ़-गोमती नगर एक्सप्रेस: यह ट्रेन भी 9 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इसके कारण सीवान, देवरिया सदर, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती और मनकापुर स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
अमरनाथ और चंडीगढ़ एक्सप्रेस का भी बदला रूट
4. गाड़ी संख्या 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस: जम्मूतवी से 9 अक्टूबर को गुवाहाटी जाने वाली यह ट्रेन गोंडा, बढ़नी और गोरखपुर के रास्ते चलाई जाएगी। इसके कारण बभनान और बस्ती स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
5. गाड़ी संख्या 15903 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस: इस ट्रेन को 9 अक्टूबर को गोरखपुर, बढ़नी और गोंडा के रास्ते संचालित किया जाएगा। इस बदलाव के कारण बस्ती स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति और परिवर्तित मार्ग की जानकारी प्राप्त कर लें। इसके लिए रेलवे पूछताछ नंबर 139 या NTES ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
रेलखंड पर चल रहे तकनीकी कार्य के कारण यात्रियों को असुविधा हो सकती है। इसलिए स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन के ठहराव और परिचालन संबंधी जानकारी की पुष्टि करना जरूरी है।
