भागलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित टेक्नो स्पोर्ट मॉल के स्टॉक रूम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की तेज लपटों से मॉल के सामने लगे कांच भी टूट गए। इस घटना में करीब छह हजार कपड़े जलकर राख हो गए। मॉल के स्टॉक रूम में कुल 13 हजार कपड़े रखे होने की जानकारी सामने आई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

मॉल के मैनेजर राजेश कुमार झा के अनुसार, शनिवार सुबह तक सब कुछ सामान्य था। इसी दौरान करीब 10:40 बजे कर्मचारियों ने स्टॉक रूम में अचानक आग की लपटें उठती देखीं। इसके बाद तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। आग तेजी से फैलने के कारण स्थिति गंभीर हो गई और मॉल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

आग लगने की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद जले हुए कपड़ों और अन्य सामान से हुए नुकसान का आकलन शुरू किया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

जिला अग्निशमन पदाधिकारी रमन राज ने बताया कि उन्हें शनिवार सुबह करीब 11:40 बजे फोन पर आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा कि स्टॉक रूम में आग किन परिस्थितियों में लगी और इससे कितना आर्थिक नुकसान हुआ।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *