100 साल पुराना उस्मानपुर-मीरजाफरी का सूर्य मंदिर, जहां छठ मैया से मन्नत मांगने उमड़ते हैं श्रद्धालु
झोपड़ी में शुरू हुई थी पूजा, आज ग्रामीणों के सहयोग से बना भव्य मंदिर; छठ पर लगता है मेला, दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होती है आराधना
नवगछिया : खरीक प्रखंड के उस्मानपुर-मीरजाफरी के बीच कलबलिया धार के किनारे स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर करीब 100 वर्षों से श्रद्धा और आस्था का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि इस मंदिर में सच्चे मन से हाजिरी लगाने और छठ मैया से मन्नत मांगने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यही वजह है कि छठ महापर्व के अवसर पर यहां न केवल स्थानीय गांवों, बल्कि आसपास के कई गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं।
पीपल के पेड़ के नीचे झोपड़ी में शुरू हुई थी पूजा
ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक शताब्दी पहले ग्रामीणों ने सामूहिक सहयोग से मंदिर परिसर में स्थित पीपल के पेड़ के नीचे एक छोटी-सी झोपड़ी बनाकर सूर्य मंदिर की नींव रखी थी। इसी झोपड़ी में छठ मैया की पूजा-अर्चना शुरू हुई थी। समय के साथ ग्रामीणों की आस्था और सामूहिक सहयोग से यहां भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। खास बात यह है कि जिस पीपल के पेड़ के नीचे मंदिर की स्थापना की गई थी, वह आज भी जीवंत है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रचंड गर्मी में भी इस पेड़ के नीचे बैठने पर शीतलता और सुकून मिलता है।

नि:संतान महिलाओं की गोद भरने की है मान्यता
इस मंदिर से जुड़ी कई धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं। ग्रामीणों का विश्वास है कि छठ मैया की कृपा से नि:संतान महिलाओं की सूनी गोद भी भर जाती है। ऐसी महिलाएं अपनी मन्नत पूरी होने पर मंदिर में चढ़ावे के रूप में सूप अर्पित करती हैं। इलाके के लोग किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत से पहले मैया के दरबार में पहुंचकर चढ़ावा चढ़ाते हैं। ग्रामीण इस मंदिर को अपने गृह देवता के रूप में भी पूजते हैं।
स्थायी पुजारी नहीं, ग्रामीण ही संभालते हैं पूरी व्यवस्था
मंदिर की एक खास विशेषता यह भी है कि यहां कोई स्थायी पुजारी नहीं हैं। मंदिर और पूजा से जुड़ी पूरी व्यवस्था ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से संचालित होती है। मेला कमेटी के अध्यक्ष उस्मानपुर निवासी महेंद्र यादव, सेवक प्रदीप मंडल, सदस्य साजन कुमार, पप्पू यादव और मुखिया गणेश मंडल बताते हैं कि इस मंदिर के प्रति ग्रामीणों की गहरी आस्था है। सभी लोग मिलकर पूजा और मेले की व्यवस्था संभालते हैं।
दंगल, रामधुन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच होती है छठ मैया की आराधना
छठ महापर्व के दौरान मंदिर परिसर में भव्य आयोजन होता है। भगवान सूर्य और छठ मैया की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इसके साथ ही मेले का आयोजन, दंगल प्रतियोगिता, रामधुन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहते हैं। पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन कलबलिया धार में किया जाता है। इस दौरान पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूबा रहता है।
क्विज प्रतियोगिता में जिले के विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा, 11 हजार का प्रथम पुरस्कार
छठ पूजा के अवसर पर मेला कमेटी की ओर से हर वर्ष क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं। इस बार भी प्रतियोगिता को लेकर खास तैयारी की गई है। कमेटी की ओर से प्रथम पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये, एक साइकिल और शील्ड, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5100 रुपये और शील्ड तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 2100 रुपये और शील्ड निर्धारित किया गया है।
छठ गीतों से गूंजने लगा इलाका, प्रतिमाओं को दिया जा रहा अंतिम रूप
इस बार भी मंदिर परिसर में छठ मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कलाकार भगवान सूर्य और छठ मैया की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। छठ गीतों से पूरा इलाका भक्तिमय हो गया है। दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोग भी छठ पर्व मनाने अपने गांव लौटने लगे हैं, जिससे गांवों में रौनक और चहल-पहल बढ़ गई है। करीब 100 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी ग्रामीणों की सामूहिक आस्था, एकता और सांस्कृतिक विरासत की पहचान बनी हुई है।
