बनारस की तर्ज पर महाआरती के बाद मां दक्षिणेश्वरी की प्रतिमा का विसर्जन, कुश्ती में अजित यादव बने विजेता

भवानीपुर काली मंदिर में भक्ति, परंपरा और संस्कृति का दिखा अनूठा संगम, महाआरती, कुश्ती और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ काली पूजा महोत्सव संपन्न

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 511

नवगछिया : रंगरा प्रखंड के भवानीपुर स्थित करीब 200 वर्ष पुराने प्रसिद्ध मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में आयोजित काली पूजा महोत्सव का समापन मंगलवार की देर रात धार्मिक अनुष्ठानों, भव्य महाआरती, पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा वातावरण मां काली के जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय बना रहा।

मंगलवार की शाम सात बजे मंदिर परिसर में बनारस की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की गई। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां दक्षिणेश्वरी काली की आराधना की और परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इसके बाद रात करीब नौ बजे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां काली की प्रतिमा को मंदिर के बगल में स्थित कालीघाट पोखर में विसर्जित किया गया। विसर्जन के दौरान मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदाई दी।

कुश्ती प्रतियोगिता में अजित यादव ने मारी बाजी

काली पूजा महोत्सव के दौरान आयोजित पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। इसमें विभिन्न पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में अजित यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बिच्छू और विपिन यादव दूसरे स्थान पर रहे। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और दर्शक जुटे रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने बांधा समां

रात दस बजे मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने गीत-संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। देर रात तक लोग कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। धार्मिक अनुष्ठान, पारंपरिक कुश्ती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने महोत्सव को यादगार बना दिया।

विश्वास झा के नेतृत्व में भव्य आयोजन की सराहना

पूरे आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद् विश्वास झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले विश्वास झा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में हमेशा सक्रिय रहते हैं। मंदिर की व्यवस्था, आयोजन की तैयारी और ग्रामीणों को एकजुट करने में उनका योगदान सराहनीय रहा। उन्होंने सभी ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को साथ लेकर महोत्सव को व्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप देने में अहम भूमिका निभाई।

मंदिर व्यवस्थापक प्रशांत कुमार उर्फ पिंटू यादव सहित समिति के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग किया।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सायम रजा और रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार मौजूद रहे। मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष विश्वास झा, व्यवस्थापक प्रशांत कुमार, पिंटू यादव, भवानीपुर मुखिया मुकेश कुमार शर्मा और आशीष कुमार झा उर्फ गुड्डू झा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा और ग्रामीणों की सामूहिक भागीदारी ने एक बार फिर भवानीपुर की सांस्कृतिक पहचान को सामने रखा। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति, उत्साह और सामाजिक सौहार्द का माहौल बना रहा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *