नारायणपुर में ट्रेन से कटकर युवक की मौत, कान में ईयरफोन लगाए होने की चर्चा
नारायणपुर। नारायणपुर-कटिहार-बरौनी रेलखंड पर नारायणपुर रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर पश्चिम अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चौहद्दी गांव निवासी स्व. धन्नी दास के छोटे बेटे राज कुमार उर्फ ढोरवा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
रेलवे ट्रैक के किनारे मिला युवक का शव
स्टेशन अधीक्षक मनोहर मंडल ने बताया कि केबिन मैन ने करीब सवा एक बजे घटना की सूचना दी थी। रेलवे ट्रैक के पास बिजली पोल संख्या 81/33-34 के बीच अप ट्रैक के किनारे युवक का शव मिला था।
घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ, जीआरपी और भवानीपुर थाना पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
भवानीपुर थानाध्यक्ष शुंभ कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक पांच भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। घटना के समय उसके कान में ईयरफोन लगा होने की चर्चा है। हालांकि, हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
परिवार को मुआवजा देने की मांग
जयपुर चूहर पश्चिम के मुखिया नीतीश कुमार और समाजसेवी रंजीत कुमार मंडल ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। युवक की असामयिक मौत से गांव में शोक का माहौल है।

