विक्रमशिला-कटरिया रेललाइन के लिए भू-अर्जन शुरू, 202 करोड़ से अधिक का होगा जमीन अधिग्रहण
भागलपुर। विक्रमशिला-कटरिया नई रेललाइन परियोजना के लिए भू-अर्जन का कार्य शुरू हो गया है। 14 सितंबर को पंचाट की घोषणा के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस साल के अंत तक भू-अर्जन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत 1502 किसानों को जमीन के बदले मुआवजा दिया जाना है।
अब तक 284 किसानों ने मुआवजे के लिए आवेदन किया है, जिनमें से 111 किसानों को भुगतान किया जा चुका है। कहलगांव, गोपालपुर और रंगरा चौक अंचल के 16 राजस्व गांवों में जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। कुल 419.8586 एकड़ जमीन के अधिग्रहण पर 202.3129 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सबकुछ ठीक रहा तो अगले साल विक्रमशिला-कटरिया नई रेललाइन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

1163 करोड़ से अधिक का टेंडर जारी
करीब 33 किलोमीटर लंबी विक्रमशिला-कटरिया रेल परियोजना के निर्माण के लिए 1163 करोड़ रुपये से अधिक का ई-टेंडर जारी किया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच गंगा पार सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। इससे कोसी, सीमांचल और संताल परगना के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बटेश्वरस्थान के समीप गंगा नदी पर बनने वाला करीब 2.44 किलोमीटर लंबा वाई आकार का डबल लाइन रेल पुल होगा। इसके माध्यम से दक्षिण की ओर विक्रमशिला और शिवनारायणपुर स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जबकि उत्तर की ओर कटरिया और नवगछिया रेल नेटवर्क से संपर्क स्थापित होगा।
इसके लिए शिवनारायणपुर वाई-लिंक और कटरिया वाई-लिंक का भी निर्माण किया जाएगा। इससे गंगा के दोनों किनारों पर रेल परिचालन के लिए नया मार्ग विकसित होगा।
दो नए स्टेशन और 26 पुल बनेंगे
विक्रमशिला-कटरिया रेललाइन परियोजना के तहत बटेश्वरस्थान धाम और कालूचक में दो नए स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, अप्रोच रेललाइन, पुल के पिलर और वाई-लेग जंक्शन यूनिट का निर्माण होगा। परियोजना में मुख्य रेल पुल समेत कुल 26 छोटे और मध्यम आकार के पुल बनाए जाने हैं।
रेल यातायात को सुचारु रखने के लिए दो रेल ओवरब्रिज (आरओबी) और एक अंडरपास का भी निर्माण किया जाएगा। फिलहाल रेलखंड को सिंगल लाइन के रूप में विकसित किया जाएगा। हालांकि, भविष्य में दोहरीकरण की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त रेललाइन के लिए पर्याप्त जगह छोड़ी जाएगी।
चार साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
पूरी परियोजना का निर्माण भारतीय रेलवे के 25 टन एक्सल लोडिंग मानक के अनुरूप किया जाएगा। इसमें मिट्टी भराई, पुल-पुलियों, स्टेशन और अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण शामिल है।
रेलवे की ओर से जारी ई-टेंडर की अंतिम तिथि 27 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और कार्य आवंटन के बाद निर्माण कार्य को 1460 दिनों यानी करीब चार वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना पूरी होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच रेल संपर्क का नया विकल्प मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

