मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी वाले 21 इंस्टाग्राम वीडियो साइबर थाना के संज्ञान में, जांच की मांग
नवगछिया। बिहार के मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक, अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी वाले 21 रील और वीडियो साइबर थाना नवगछिया के संज्ञान में आए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना में कार्यरत पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार ने साइबर डीएसपी को प्रतिवेदन भेजकर सनहा दर्ज करने का अनुरोध किया है।
प्रतिवेदन के अनुसार, इंस्टाग्राम के अवलोकन के दौरान विभिन्न यूआरएल पर उपलब्ध 21 रील और वीडियो में मुख्यमंत्री के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी और वक्तव्य प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, उक्त सामग्री के सार्वजनिक प्रसार से आम जनभावनाएं आहत होने और विभिन्न वर्गों के बीच असंतोष, तनाव तथा आपसी टकराव की आशंका है। इससे सार्वजनिक शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

वीडियो अपलोड करने वालों की पहचान की मांग
साइबर थाना ने सभी संबंधित यूआरएल संकलित कर अभिलेख के लिए प्रतिवेदन के साथ संलग्न किए हैं। साथ ही संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्तियों की पहचान, प्रकाशन की तिथि और समय तथा वीडियो की प्रकृति की तकनीकी और विधिसम्मत जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
प्रतिवेदन में मेटा/इंस्टाग्राम को संबंधित सामग्री की समीक्षा करने और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई करने के लिए अनुरोध भेजने की बात कही गई है।
इसके अलावा संबंधित अकाउंट की जानकारी, आईपी लॉग और पोस्टिंग की तारीख व समय जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखने का भी अनुरोध किया गया है।
साइबर थाना ने इन सभी बिंदुओं पर आगे की कार्रवाई के लिए सनहा दर्ज करने का आदेश देने की मांग की है। मामले में जांच और संबंधित व्यक्तियों की पहचान के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

