भगलपुर : हुसैनाबाद मोहल्ले में बाल्टी कारखाना चौक के पास एक धर्मस्थल के चबूतरे पर रविवार सुबह आपत्तिजनक वस्तु रखे जाने से शहर में तनाव पैदा हो गया। आक्रोशित लोगों ने बाल्टी कारखाना चौक के पास बौंसी मुख्य मार्ग पर आगजनी कर जाम लगा दिया।
तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर जिले भर में अगले आदेश तक के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। मौके पर डीएसपी और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कई थानों की पुलिस कैंप कर रही है। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है।
शाम को मोजाहिदपुर थाने में शांति समिति की बैठक भी हुई। इसमें बूचड़खाना हटाने को लेकर निर्णय नहीं हो सका। सोमवार को पुन: दोनों पक्षों के लोग, शांति समिति और प्रशासन और पुलिस पदाधिकारियों की बैठक होगी। उधर, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 30 से अधिक मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किए गए हैं। आपत्तिजनक वस्तु रखे जाने के मामले में मोजाहिदपुर थाने में अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ सौहार्द्र बिगाड़ने के प्रयास का केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे का रातभर का फुटेज जब्त किया है। जिसे खंगाल कर पुलिस उन लोगों की पहचान करेगी जिन्होंने वहां आपत्तिजनक वस्तु रखा।

तीन घंटे तक उबलता रहा मोजाहिदपुर का इलाका
धर्मस्थल की देखरेख करने वालों ने बताया कि सुबह करीब छह बजे मंदिर में झाड़ू लगाने के दौरान एक प्लास्टिक के डिब्बे में आपत्तिजनक वस्तु दिखी। डिब्बे में धागे से एक पत्र भी बंधा था। इसकी सूचना इलाके में आग की तरह फैल गई। सैकड़ों की संख्या में आसपास के लोग मंदिर में जुट गए। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क पर जगह-जगह टायर जलाए। बांस लगाकर तीन घंटे तक बौंसी मार्ग को जाम कर दिया। सुबह छह से नौ बजे तक पूरा इलाका उबलता रहा। इधर, जानकारी पाकर एडीएम हरिशंकर प्रसाद, एसडीओ रौशन कुशवाहा, सिटी डीएसपी शहरयार अख्तर, विधि-व्यवस्था डीएसपी राजेश सिंह प्रभाकर, मोजाहिदपुर इंस्पेक्टर केएन प्रसाद, तातारपुर इंस्पेक्टर अमरनाथ प्रसाद, कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज कुमार सिंह, नाथनगर इंस्पेक्टर मो. जनीफुद्दीन, बबरगंज थानेदार राजेश कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस लाइन से अतिरिक्त फोर्स भी मंगवाई गई। आक्रोशित लोग डीएम-एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। भीड़ ने आपत्तिजनक वस्तु को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस उसे उठाना चाहती थी, लेकिन लोग उठाने नहीं दे रहे थे।
जोनल आईजी सुशील खोपड़े ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई है, जो जल्द ही भागलपुर पहुंच जाएगी। ऐहतियात के तौर पर मोजाहिदपुर समेत अन्य संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी आदेश तितरमारे ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। अगले आदेश तक इंटरनेट सेवा बंद की गई है। नगर आयुक्त से बूचड़खाने से संबंधित मामलों की जांच को कहा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

