नवगछिया। कटारिया रेलवे स्टेशन के समीप 22 वर्षीय नेहा कुमारी की गोली मारकर हत्या के मामले में घटना के दो दिन बाद भी किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। घटना के विरोध में सधुआ बाजार लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। बाजार बंद रहने से कारोबार प्रभावित हुआ, वहीं व्यवसायियों के बीच सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।
Total Downloads: 383
स्थानीय निवासी सोनू कुमार, राहुल राज और विक्रम कुमार ने बताया कि सधुआ बाजार और रेलवे स्टेशन के आसपास हत्या जैसी आपराधिक घटनाएं लगातार हो रही हैं। इससे व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत है। लोगों ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सधुआ बाजार और रेलवे स्टेशन के समीप पुलिस चौकी खोलने अथवा नियमित रूप से पुलिस बल की तैनाती करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम होगा।
छह लोगों को बनाया गया है नामजद आरोपित

बता दें कि गुरुवार की रात कटारिया रेलवे स्टेशन के समीप 22 वर्षीय नेहा कुमारी, पिता प्रमोद सिंह, की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में फौजी शाह समेत छह लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। घटना के दो दिन बाद भी जीआरपी पुलिस किसी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार भय और चिंता के माहौल में है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी नाराजगी बनी हुई है।
जल्द पुलिस भेजकर ली जाएगी जानकारी
सधुआ बाजार बंद रहने के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सायम रजा ने बताया कि उन्हें बाजार बंद रहने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि जल्द ही संबंधित थाना की पुलिस को मौके पर भेजकर मामले की जानकारी ली जाएगी। घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए जीआरपी से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन जीआरपी थानाध्यक्ष से संपर्क नहीं हो सका।
