पटना : बिहार के लगभग सभी जिलों में तेज आंधी और बारिश से जहां एक ओर भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है वहीं पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने कल ही पटना सहित कई जिलों में तेज आंधी और बारिश के लिए अलर्ट जारी किया था।

बिहार के कई जिलों में आंधी,बारिश से 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। आंधी,बारिश से 5 लोगों की मौत और ठनका गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि 10 मई को फिर आंधी आ सकती है और बारिश भी हो सकती है।

सोमवार को भी पटना में काले बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। आज सुबह तेज धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश से पूरे पटना की  विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है, वहीं तेज आंधी की वजह से कई जगह बड़े-बड़े पेर गिर गए हैं जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

वहीं इतनी ही बारिश ने राजधानी के नगर-निगम की भी पोल खोल दी है। जगह-जगह जल-जमाव की वजह से भी लोगों को परेशानी हो सकती है।

आपदा प्रबंधन विभाग करेगा क्षति का आकलन

वहीं बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व्यास जी ने कहा कि आंधी- पानी के  मौसम में सावधानी बरतें। आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि आज सुबह की आंधी, बारिश से राज्य के विभिन्न जगहों पर हुई क्षति का आकलन किया जाएगा और इसके लिए आज 11 बजे बैठक बुलाई गई है, जिसमें सीएम नीतीश के भी शामिल होने की सूचना है।

सुबह करीब साढ़े पांच बजे अचानक तेज आंधी चलने लगी और फिर गरज से साथ बारिश होने लगी। तेज और धूल भरी आंधी के कारण कई घरों के शीशे भी टूट गये और साथ ही राजधानी में कई जगहों पर होर्डिंग्स गिरने की भी खबर है।

पटना के कई इलाकों में बिजली गुल रही

अचानक आई आंधी और तेज बारिश से पटना के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई और कुछ देर के लिए अंधेरा छा गया। पटना के अलावा बिहार के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश की खबर है। इन जिलों में 6 बजे से 9 बजे तक के लिए अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के बाद पटना के तापमान में गिरावट महसूस किया गया है।

वहीं आंधी और बारिश से ग्रामीण इलाकों में किसान खुश हैं तो कहीं-कहीं कुछ फसलों के भारी नुकसान होने की भी सूचना है। ग्रामीण इलाकों में तेज हवा के कारण कई झोपड़ियों के छप्पड़ भी गिर जाने की खबर है, वहीं कच्चे मकानों के भी क्षतिग्रस्त  होने की सूचना है।

भोजपुर में एक युवक घायल

आरा जिले के सहार के चौरी थाना क्षेत्र के अमहरूआ में आंधी-पानी के दौरान ठनका गिरने से एक युवक घायल हो गया है। गंभीर हाल में उसे आरा रेफर किया गया है। वह बधार में आम चुनने गया था, तभी ठनका की चपेट में आया। कई जगह पेड़ गिरने से  यातायात भी प्रभावित हुआ है।

ट्रेन सेवा भी प्रभावित 

जमनिया के धीना में टार टूटने से पटना- मुगलसराय रेलखंड की अप लाइन में ट्रेन सेवा भी प्रभावित है। कारीसाथ में पैसेंजर ट्रेन, बिहिया में फरक्का एक्सप्रेस और आरा में विभूति एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें जहा- तहाँ खड़ी रहीं। पूरे जिले में करीब 4 घंटे तक बिजली पूरी तरह गुल रही।

लखीसराय में भी नुकसान की खबर

लखीसराय जिले में मंगलवार की सुबह आई आंधी में कजरा थाना क्षेत्र के उरैन ग्राम में मस्जिद के निकट बरगद का पेड़ गिर जाने से उसमें दबकर एक व्यक्ति की मौत और दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। सहमालपुर ग्राम के रामोतार चौधरी के 28 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र चौधरी उर्फ कुहन और चम्पानगर के राजाराम यादव की 30 वर्षीय पत्नी नीतू देवी की मौत हो गई।

मधुबनी में रुक-रुक कर हो रही बारिश

मधुबनी जिले में भी सोमवार की सुबह करीब पांच बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है । वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़क पर जलजमाव जैसे हालात बन गए है।  इस वर्षा से ग्रामीण इलाके में आम की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

समस्तीपुर में एक की मौत

दलसिंहसराय में तेज आंधी तूफान में एक स्कूली वैन पर घर का दीवार गिर जाने से उस वैन में बैठे चालक की मौत हो गई। चालक की पहचान असींचक निवासी 22 वर्षीय  हरिओम रॉय के रूप में हुई। यह घटना उस समय हुई जब स्कूल का वह वैन बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए निकल था। अभी वह सरदारगंज के पास पहुच ही था कि दीवार गिर गई।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *